बांसवाड़ा
07 मार्च (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा करते हुए
कहा है कि अगर देश में आदिवासी, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, गरीब एवं
किसान एक रहेंगे तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झुकेंगे और उन्हें सत्ता
छोड़नी पड़ेगी।
श्री खड़गे गुरुवार को बांसवाड़ा में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
के दौरान आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने श्री मोदी पर गरीबों को
परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा “जो गरीबों को परेशान एवं बर्बाद करता
है, उसके भजन करते हो। इसलिए मैं चाहूंगा कि आप डटकर रहो। अगर आप एक
रहेंगे, आदिवासी, शेड्यूल कास्ट, बैकवर्ड क्लास, गरीब लोग, किसान एक
रहेंगे, मोदी ऑटमैटिक्ली झुकेगा और सत्ता से भाग जायेंगे। एकता की जरूरत
है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कहीं-कहीं इतनी भारी सभाएं होती हैं, उसका
बहुत कम प्रचार हमें मिलता है, लेकिन सबसे ज्यादा एडवरटाइजिंग जब टीवी
खोलते ही गारंटी, मोदी की गारंटी दिखता है ,क्योंकि पैसा बहुत है
एडवरटाइजमेंट के लिए और वो लोग आज बहुत प्रचार कर रहे हैं। लेकिन जब कभी भी
कांग्रेस पार्टी हुकुमत में आई है, तब हमेशा गरीबों का ख्याल रखते हुए काम
करते हुए आई है। फिर भी कहा जाता है कि कांग्रेस ने क्या किया।
उन्होंने कहा “सुबह-शाम एक ही बात कही जाती हैं, परिवारवाद, परिवारवाद,
कितनी बार बोलेंगे एक बार-दो बार, तीन बार। सुबह से शाम तक हर मीटिंग में
वही। आपने क्या काम किया है, वो बताओ। हमने जो काम किया है, नेहरूजी ने
क्या काम किया है, इंदिराजी ने क्या किया है, लाल बहादुर शास्त्रीजी ने
क्या किया, राजीव गांधी जी ने क्या किया, हम बोलते हैं। लेकिन तुम्हारा काम
तुम बोलो। कहीं जाओ, कुछ ना कुछ बोलकर वहाँ पर समाज को डिवाइड करना, समाज
को अलग करना और ये जब निकल कर आते हैं, तो भाजपा के विधायक आदिवासियों,
अनुसूचित जाति एवं पिछड़े हुए जो गरीब लोग हैं, उनके ऊपर अत्याचार करते
हैं। क्या इसलिए लोगों ने इन्हें इस देश की गद्दी पर बैठाया। देश के लोगों
की सुरक्षा करना है, वो छोड़कर बार-बार छोटी-मोटी चीजें लेकर टीका -टिप्पणी
की जाती है। ”
श्री खड़गे ने भाजपा की सोच का जिक्र करते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री
कहते है कि चंद जातियों की सेवा करना शूद्रों का कर्तव्य है। यह भाजपा के
मुख्यमंत्री का कहना है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग देश के लिए
क्या कर रहे हैं। सरकारी संपत्ति अमीर लोगों को बेच रहे हैं। इसलिए ध्यान
में रखना चाहिए कि इस देश में संविधान बचेगा, लोकतंत्र बचेगा, तभी आप लोग
बच सकते हैं। नहीं तो फिर से हम लोग आदिवासी बनकर जंगलों में रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में विकास के लिए बहुत सी चीजें यहाँ पर शुरू की
थी, वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर शुरू किया गया था, उसको बंद करने की कोशिश चल
रही है और जो यहाँ लोगों के लिए 25 लाख रुपए तक का औषधि-उपचार को भी बंद कर
सिर्फ पांच लाख कर दिया और वो भी चुने हुए लोगों को देने का वायदा किया
गया है। उन्होंने कहा “हमारी गारंटी मोदीजी जैसी नहीं है। ये तो हमारी
गारंटी तो पक्की गारंटी होती है। मोदीजी की जैसी गारंटी नहीं है। दो करोड़
लोगों को नौकरियां देने का वादा भी नहीं निभाया गया। 15 लाख रुपए देने का
वायदा भी पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि देश में अभी और काम नहीं है, जॉब नहीं है ऐसा नहीं है,
बहुत सी नौकरियां हैं, सरकार में, एडेड इंस्टीट्यूशन में, पुलिस में,
मिलिट्री में, सरकारी नौकरी में, रेलवे में, नजदीक-नजदीक 30 लाख नौकरियां
हैं। दस लाख तो सरकारी ऑफिसरों की हैं, सरकार में काम करने वालों का। दूसरे
जो पब्लिक सेक्टर हैं, बड़े-बड़े कारखाने हैं और सेमी गवर्नमेंट हैं, उन
सबमें मिलाकर 30 लाख नौकरियां हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी को भर्ती
करने का वक्त नहीं मिलता लेकिन उन्हें समुद्र में डुबकी लगाने का वक्त
मिलता है। उन्हें हर जगह जाकर दर्शन लेने का समय मिलता है लेकिन जो जनता
जनार्दन है, उनके दर्शन के लिए वह तैयार नहीं है। उन्होंने कहा “मोदीजी का
हमेशा यही ही रवैया रहा है। इसलिए हमें अब होशियार बनना चाहिए और एक होकर
हम इस चुनाव में अगर लड़ेंगे, तो सबसे हमें उम्मीद है, इस बार हो सकता है
हम असेंबली में हारे होंगे, लेकिन पार्लियामेंट में हम जरुर जीतेंगे और
पूरी ताकत के साथ हम जीतेंगे और मोदी जी को बताएंगे कि सिर्फ कुछ बोलने से,
कुछ कहने से नहीं होता है, काम करने से होता है। यही हम दिखाएंगे।
Post a Comment